प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार होगा पक्के मकान का सपना, छुरा में हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र,

BHUPENDRA SINHA

November 4, 2026

नगर पंचायत छुरा में आवास स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित, पात्र परिवारों से योजना का लाभ लेने आवेदन करने की अपील,

छुरा / गरियाबंद :- प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पंचायत छुरा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर पंचायत कार्यालय में योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। स्वीकृति पत्र मिलने से हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली, वहीं अपने पक्के मकान का सपना साकार होने की उम्मीद भी जगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू के मार्गदर्शन एवं सहयोग से क्षेत्र में विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पात्र परिवार नगर पंचायत कार्यालय में करें आवेदन,

नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि जिन पात्र परिवारों ने अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं किया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत कार्यालय छुरा में आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मापदंडों के अनुसार आवेदनों की जांच की जाएगी तथा नियमानुसार योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

विकसित, स्वच्छ एवं सुंदर छुरा बनाने का संकल्प,

अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि नगर पंचायत का संकल्प है कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे। “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के संकल्प के साथ नगर पंचायत छुरा को विकसित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, नगर पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र मिलने से हितग्राहियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment