तालाब के पास चल रहा था 52 पत्ती का जुआ, ₹17,400 नकद सहित स्कूटी, 4 बाइक, स्विफ्ट कार और मोबाइल जब्त
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब के पास खुले स्थान पर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को तुमगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹17,400 नकद, 52 पत्ती ताश, एक स्कूटी, चार मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल फोन सहित कुल ₹3,32,400 का मशरूका जब्त किया है। वहीं, पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हुए अन्य जुआरियों की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तुमगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब किनारे कुछ लोग संगठित होकर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने रवीन्द्र खुंटे (30 वर्ष), लोमश साहू (28 वर्ष), संत कुमार बंजारे (38 वर्ष), भीष्मदेव खुंटे (26 वर्ष), जितेश बंजारे (18 वर्ष), नेहरू साहू (35 वर्ष) और पवन साहू (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी तुमगांव थाना क्षेत्र एवं महासमुंद जिले के निवासी बताए गए हैं।
₹3.32 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹17,400 नकद, 52 पत्ती ताश, लगभग ₹35,000 कीमत की एक स्कूटी, लगभग ₹45,000 कीमत की चार मोटरसाइकिल, लगभग ₹2 लाख कीमत की एक स्विफ्ट कार तथा लगभग ₹35,000 कीमत के पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹3,32,400 बताई गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मौके से फरार अन्य जुआरियों की पतासाजी की जा रही है।
तुमगांव पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है।