तालाब किनारे खुले मैदान में चल रहा था जुआ फड़, पुलिस की दबिश में 7 जुआरी गिरफ्तार; 3.32 लाख का माल जब्त
महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावश और बेलटुकरी के बीच तालाब किनारे चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से संगठित होकर काटपत्ती जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम समेत 3 लाख 32 हजार 400 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि अमावश-बेलटुकरी के पास तालाब किनारे खुले मैदान में कुछ लोग इकट्ठा होकर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड मारी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, जबकि 7 आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से:
- 17,400 रुपये नगद
- 52 पत्ती ताश
- 1 स्विफ्ट कार (कीमत लगभग ₹2,00,000)
- 4 मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग ₹45,000)
- 1 एक्सेस स्कूटी (कीमत लगभग ₹35,000)
- 5 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹35,000) बरामद किए। जब्त कुल संपत्ति की कीमत करीब 3,32,400 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- रवीन्द्र खुंटे (30 वर्ष), निवासी सतनामीपारा तुमगांव
- लोमश साहू (28 वर्ष), निवासी खट्टीडीह तुमगांव
- संत कुमार बंजारे (38 वर्ष), निवासी बेलटुकरी तुमगांव
- भीष्मदेव खुंटे (26 वर्ष), निवासी नयापारा महासमुंद
- जितेश बंजारे (18 वर्ष), निवासी बेलटुकरी तुमगांव
- नेहरू साहू (35 वर्ष), निवासी राम मंदिर के पास तुमगांव
- पवन साहू (30 वर्ष), निवासी तुमगांव
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और बीएनएस (BNS) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मौके से फरार अन्य जुआरियों की तलाश जारी है।