फिंगेश्वर/गरियाबंद :- फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम दर्रीपार में सतनामी समाज एवं सर्व छत्तीसगढ़िया समाज के आराध्य गुरु बालक दास जी की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा खंडित किए जाने की घटना के विरोध में समाज में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के विरोध में समाज के लोगों द्वारा कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जिला गरियाबंद ने भी समाज के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए दोषी व्यक्ति की पहचान कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कहा कि महापुरुषों और समाज के आराध्य के प्रतिमाओं का अपमान सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सेनानियों द्वारा शासन प्रशासन से निवेदन किया गया है कि उक्त घटना को संज्ञान में लेकर जल्द उचित कार्यवाही करके, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। वही उन्होंने कहा जल्द कार्यवाही न होने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के द्वारा जिला व प्रदेश स्तरीय उग्र आंदोलन किया जाएगा।