खीरमणी हरपाल बोले—कम मात्रा में धान बेचने पर भी सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगी निर्धारित सहायता, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सरकार का प्रयास,
गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर भाजपा ने कृषक उन्नति योजना के तहत सरकार की किसान हितैषी पहल को प्रमुखता से रखा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये तक की सहायता दिए जाने के प्रावधान को भाजपा ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
भाजपा जिला प्रवक्ता अ.ज. खीरमणी हरपाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित राशि के आधार पर दोनों के बीच 659 रुपये का अंतर बनता है। अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की उपार्जन सीमा के अनुसार यह अंतर 13,839 रुपये प्रति एकड़ होता है।
खीरमणी हरपाल ने बताया कि योजना की विशेषता यह है कि किसान यदि एक एकड़ में पंजीकृत एवं सत्यापित रकबे के आधार पर 15 क्विंटल धान का ही विक्रय करता है, तब भी उसे निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरी सहायता राशि मिलने का प्रावधान है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2.5 एकड़ भूमि पर 34,597.50 रुपये तथा 0.8 एकड़ भूमि पर 11,071.20 रुपये की सहायता राशि का लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव मानती है। सरकार का उद्देश्य कृषि को लाभकारी बनाना, किसानों की आय में वृद्धि करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। कृषक उन्नति योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए खीरमणी हरपाल ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों के नाम पर घोषणाओं और वादों की राजनीति की गई, जबकि भाजपा सरकार योजनाओं के माध्यम से किसानों तक आर्थिक लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान कल्याण के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रयासरत है।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प स्पष्ट है कि किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा और गांव समृद्ध होगा तो छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


