शिवरीनारायण में बसपा ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन, स्मार्ट मीटर और जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया

SARJU SAHU

September 24, 2026

शिवरीनारायण। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में बहुजन समाज पार्टी ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर SDM कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। बसपा कार्यकर्ताओं ने केरा मुख्य मार्ग स्थित टर्निंग चौक से नारेबाजी करते हुए दल-बल के साथ SDM कार्यालय पहुंचकर स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने और शिवरीनारायण-खैरताल मुख्य मार्ग की मरम्मत की मांग की।

बसपा प्रदेश महासचिव एवं जोन प्रभारी डॉ. रोहित डहरिया ने कहा कि क्षेत्र में लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अनाप-शनाप बिजली बिल आने की शिकायतों से गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के लोग परेशान हैं। बसपा ने पुराने बिजली मीटर को यथावत रखने और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की मांग की है।

जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग

बसपा ने शिवरीनारायण से खैरताल तक जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सड़क लंबे समय से जर्जर है, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसपा ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

ज्ञापन कार्यक्रम बहुजन समाज पार्टी जांजगीर-चांपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर अजय बंजारे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष गौरी छोटू जांगड़े, जिला BVF संयोजक बंशी आजाद, विधानसभा अध्यक्ष दरस सांडे सहित पामगढ़ विधानसभा की विधानसभा एवं सेक्टर कमेटियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment