छुरा /गरियाबंद:- लंबे समय से प्रतीक्षित छुरा-राजिम सड़क निर्माण कार्य का गुरुवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। राजिम विधायक रोहित साहू ने पूजा-अर्चना के साथ सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 145.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य माना जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, नगरवासी एवं क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।
छुरा-राजिम मार्ग क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह मार्ग छुरा क्षेत्र को राजिम से जोड़ने के साथ आसपास के गांवों के लोगों के आवागमन के लिए भी प्रमुख भूमिका निभाता है। लंबे समय से सड़क निर्माण एवं उन्नयन की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

दो पार्ट में दिया गया ठेका, एक साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य,
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि छुरा-राजिम सड़क निर्माण कार्य का ठेका दो पार्ट में दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य को गति देते हुए लगभग एक वर्ष के भीतर सड़क का निर्माण पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने से आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क और बेहतर बुनियादी सुविधाएं जरूरी हैं। छुरा-राजिम सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। सड़क बेहतर होने से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों, परिवहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास का दावा,
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
भूमिपूजन के दौरान विधायक रोहित साहू का कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद,
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य लेखराज ध्रुवा, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, मंडल अध्यक्ष छुरा खोमन चंद्राकर, नगर पंचायत छुरा अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर, जनपद सदस्य मुंगेश्वरी ठाकुर, फणिकेश्वर नाथ महाविद्यालय फिंगेश्वर के जनभागीदारी अध्यक्ष राजू साहू, खड़मा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरीश साहू, चित्ररेखा ध्रुव, खिरमनी हरपाल, रजनी लहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित रहे।
145.62 करोड़ रुपये की लागत वाली छुरा-राजिम सड़क परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें निर्माण कार्य की गति और निर्धारित समयसीमा में सड़क निर्माण पूरा होने पर टिकी हैं।