सड़क हादसे में घायल दो युवकों के लिए देवदूत बनी डायल 112 टीम, समय पर पहुंचाया अस्पताल

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

September 21, 2026

गिधपुरी। तेलासी पहुंच मार्ग पर सोमवार शाम बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से दो युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को शासकीय वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर की शाम करीब 5:30 से 5:45 बजे के बीच तीन युवक गिधपुरी बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने घर तेलासी जा रहे थे। इसी दौरान तेलासी पहुंच मार्ग पर पहले तालाब के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में यशवंत कमल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि नागेश्वर धीवर को मामूली चोट लगी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

घटना की सूचना मिलते ही पास में तैनात डायल 112 की ईआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक देव प्रसाद मल्होत्रा और चालक कमलेश कुमार वर्मा ने बिना देर किए घायल यशवंत कमल और नागेश्वर धीवर को शासकीय वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया। यशवंत का इलाज जारी है।

पुलिस ने की हेलमेट पहनने की अपील

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में डायल 112 की टीम आपात स्थितियों में लगातार लोगों की मदद कर रही है। हादसे के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस टीम की स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने सराहना की।बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तायुक्त हेलमेट जरूर पहनें और गति पर नियंत्रण रखें। किसी भी आपात स्थिति या सड़क दुर्घटना की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment