बस स्टैंड से पुलिस कॉलोनी, बाजार , स्कूल रोड और सब्जी हटरी तक मची दहशत; 5 से ऊपर उम्र के बच्चों को बनाया अपना निशाना, अस्पताल पहुंचकर कराया इलाज
पलारी । शनिवार को आज पलारी में एक कुत्ते ने करीब चार घंटे तक ऐसा आतंक मचाया कि नगर की गलियों में दहशत फैल गई। दोपहर से शाम तक कुत्ता अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा और बच्चों को अपना निशाना बनाता रहा। बस स्टैंड से शुरू हुआ हमलों का सिलसिला पुलिस कॉलोनी, बाजार रोड और सब्जी हटरी तक पहुंच गया। इस दौरान एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हुए। लगातार हो रहे हमलों से घबराए परिजन बच्चों को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचे। बाद में आतंक मचा रहे कुत्ते को मार गिराया गया।
बस स्टैंड पर तीन बच्चों को काटा, पुलिस कॉलोनी में भी हमला
जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने सबसे पहले बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग पर तीन बच्चों को काटा। इसके बाद पुलिस लाइन कर्मचारी आवास क्षेत्र में पहुंचकर दो बच्चों पर हमला किया। इसके बाद बाजार रोड, सब्जी मंडी और आसपास के इलाकों में भी कुत्ते ने कई बच्चों को काटकर घायल कर दिया।
किसी के हाथ तो किसी की पीठ-पेट पर जख्म
हमले में घायल अधिकांश बच्चों की उम्र करीब 5 से 12 वर्ष बताई जा रही है। कुत्ते ने बच्चों के हाथ, पीठ और पेट सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों में काटा। कुछ बच्चियों के सीने पर भी काटने के निशान बताए गए हैं। मासूमों को घायल देखकर परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया।
चार घंटे के आतंक के बाद लोगों ने ली राहत की सांस

दिनदहाड़े लगातार बच्चों पर हमले की खबर फैलते ही पलारी में हड़कंप मच गया। लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर भेजने से घबराने लगे। करीब चार घंटे तक आतंक का पर्याय बने कुत्ते को आखिरकार मार गिराया गया। इसके बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली।
पलारी और आसपास गांव के घटनाक्रम को देखते हुए सतर्कता जरूरी
इस घटना के बाद पलारी सहित आसपास के इलाकों में भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। अभिभावक अपने छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें। खासकर गली-मोहल्लों, बाजार, बस स्टैंड, स्कूल के आसपास, खेल मैदान और सुनसान रास्तों पर बच्चों पर नजर रखें और संभव हो तो उनके साथ कोई बड़ा व्यक्ति रहे। बच्चों को भी समझाएं कि अनजान कुत्ते के पास न जाएं, उसे छेड़ें नहीं और न ही उसके पीछे दौड़ें। कोई कुत्ता आक्रामक नजर आए तो उससे दूरी बनाकर रखें और तत्काल संबंधित जिम्मेदार विभाग को सूचना दें।
यदि कुत्ता काट ले या खरोंच मार दे तो बिना देरी किए अस्पताल पहुंचें। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रेबीज से बचाव का टीकाकरण कराना जरूरी है। पलारी और आसपास के गांव-कस्बों में भी अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग रहें। सतर्कता बरतें, बच्चों को अकेले न भेजें और किसी भी आक्रामक कुत्ते की सूचना तत्काल जिम्मेदार विभाग तक पहुंचाएं।