तीज-त्योहार के रंग में रंगा पलारी अंचल, गांव-गांव विराजे गणपति बप्पा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

September 14, 2026

युवाओं और बच्चों ने समितियां बनाकर संभाली जिम्मेदारी, लच्छनपुर के नीम चौक में भव्य आयोजन

पलारी। तीज-त्योहार की अपनी अलग ही पहचान रखने वाले ग्रामीण अंचल में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पलारी क्षेत्र के लच्छनपुर, ठेलकी, सोनार देवरी, छेरकापुर और छेरकाडीह सहित आसपास के गांवों में युवाओं और बच्चों ने समितियां बनाकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की।

गांवों में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। कहीं पंडाल सजाए गए तो कहीं युवाओं और बच्चों ने मिलकर पूजा की तैयारियां कीं। गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापना के बाद विधि-विधान से पूजा-पाठ और आरती की गई। गांव की गलियों और चौक-चौराहों पर ‘गणपति बप्पा मोरया’के जयकारे गूंजते रहे।

ठेलकी के त्रिकाल चौक में युवाओं ने संभाली कमान

ठेलकी के त्रिकाल चौक में युवाओं ने गणेश उत्सव को लेकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छोटे-बड़े युवाओं और बच्चों ने मिलकर समिति बनाई और पंडाल सजाकर बप्पा को विराजमान कराया। पूजा-पाठ में ग्रामीणों ने भी उत्साह से भाग लिया।

लच्छनपुर के नीम चौक में भव्य रूप से विराजे गणपति

लच्छनपुर के नीम चौक में युवा समिति द्वारा गणेश प्रतिमा भव्य तरीके से स्थापित की गई। युवाओं और बच्चों की मेहनत से तैयार पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रतिमा स्थापना के बाद ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर पूरे गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।

तीज-त्योहार में गांव की एकता की दिखी झलक

गणेश चतुर्थी के बहाने गांवों में एक बार फिर आपसी भाईचारे और एकजुटता की तस्वीर देखने को मिली। बुजुर्गों के मार्गदर्शन में युवाओं और बच्चों ने आयोजन की जिम्मेदारी उठाई। खास बात यह रही कि नई पीढ़ी पूरे उत्साह के साथ अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़ती नजर आई।

गोपाल यदु, नागेश्वर ध्रुव, संजय साहू, टिकेश्वर, कुणाल साहू ,साहिल , हेमलाल , मुकेश, समीर ,आदि ने बताया कि तीज-त्योहार गांव की संस्कृति और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम हैं। गणेश चतुर्थी के पर्व पर गांव के छोटे-बड़े सभी लोग मिलकर बप्पा की पूजा कर रहे हैं। युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह है। ऐसे आयोजन से गांव में एकता और अपनापन बढ़ता है।

ग्रामीणों ने भगवान श्री गणेश से हर घर में सुख-शांति, खुशहाली और पूरे गांव में भाईचारा बनाए रखने की कामना की।गांव-गांव गूंजा— गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment