राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनी जन्माष्टमी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

September 4, 2026

सकरी।  डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, सकरी में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। जन्माष्टमी के अवसर पर नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। कोई कान्हा तो कोई राधा के रूप में सजा नजर आया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और मासूम अदाओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को दर्शाते हुए दही-हांडी लीला का मंचन भी किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। उनकी मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही उनमें संस्कार, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं तथा उनकी सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment