पिथौरा। जोंक नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लापता बाइक सवार भागीरथी साहू की तलाश के लिए NDRF की टीम लगातार सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। इसी बीच बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल गुरुवार सुबह सांकरा स्थित दुर्घटना स्थल पहुंचे और मौके पर चल रहे खोज एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने NDRF की टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए लापता व्यक्ति की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सांकरा जोंक नदी में हुए हादसे के बाद लापता भागीरथी साहू की तलाश में शासन-प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। नदी के बहाव और आसपास के संभावित क्षेत्रों में NDRF की टीम द्वारा सघन खोजबीन की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल स्वयं सांकरा स्थित दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया।
मौके पर विधायक ने NDRF की रेस्क्यू टीम के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संभावित स्थानों पर गहराई से तलाश करने और उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि लापता भागीरथी साहू की तलाश में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए और हर संभव प्रयास किया जाए।
रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने के बाद विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भागीरथी साहू के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस कठिन और दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि “हर जीवन कीमती है। दुख की इस विकट परिस्थिति में शासन-प्रशासन पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। भागीरथी साहू की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।” उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भागीरथी साहू जल्द से जल्द सकुशल और सुरक्षित मिलें।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ एकजुट होकर खड़े रहें और भागीरथी साहू की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना करें।