कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार ने ग्राम पंचायत चोढा में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ दान दिया था। ऐसे में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता या चोरी के आरोपों ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है। उनका कहना था कि यदि मामले में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल श्रीवास ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है ताकि लोगों का विश्वास कायम रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने से बच रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रभारी गुलशन जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष कौशल श्रीवास, महामंत्री अनिल पोर्ते, फालेश्वर श्रीवास, सरोज करपे, द्वारिका यादव, जगनाथ राठौर, दीपक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।