
बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर भवन में आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का गुरुवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अवलोकन किया। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को देश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन वर्षों में भारत ने विकास, तकनीक, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को तस्वीरों और एलईडी प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। मंत्री वर्मा ने कहा कि गरीबों को पक्के मकान, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है। प्रदर्शनी में देश की रक्षा क्षमता, डिजिटल क्रांति, विज्ञान एवं तकनीक, महिला सशक्तिकरण और अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया। इसमें रिकॉर्ड 38,400 करोड़ रुपए के रक्षा निर्यात, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ आवास, सेमीकंडक्टर निर्माण, विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार जैसी उपलब्धियां शामिल रहीं।फोटो प्रदर्शनी में अयोध्या स्थित राम मंदिर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, 3 करोड़ लखपति दीदी अभियान, मुफ्त राशन योजना और युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास कार्यक्रमों की झलक भी दिखाई गई। इस दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, विजय केशरवानी, सुमन वर्मा, जितेंद्र महले सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनी 16 से 18 जून तक आयोजित की गई, जहां लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।