*बलौदाबाजार। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे, इसका एक उदाहरण जिले में देखने को मिला। महतारी वंदन योजना के तहत पूरी राशि नहीं मिलने से परेशान एक महिला की समस्या का समाधान जिला प्रशासन के सम्पर्क केन्द्र ने कुछ ही समय में कर दिया। इसके बाद महिला के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
बलौदा बाजार तहसील के ग्राम डमरू निवासी ललिता बाई पैंकरा को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपए मिलने थे, लेकिन उन्हें केवल 500 रुपए ही प्राप्त हो रहे थे। योजना की आधी राशि मिलने से वे लंबे समय से परेशान थीं। परिवार की जरूरतों और आर्थिक चुनौतियों के बीच यह कमी उनके लिए चिंता का कारण बनी हुई थी।
अपनी समस्या को लेकर ललिता बाई ने जिला प्रशासन के सम्पर्क केन्द्र में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही सम्पर्क केन्द्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित किया। विभागीय जांच में त्रुटि सामने आने पर संचालनालय स्तर पर आवश्यक सुधार कराया गया। इसके बाद ललिता बाई को महतारी वंदन योजना की निर्धारित 1000 रुपए की पूरी राशि मिलने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।
समस्या का समाधान होने पर ललिता बाई ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सम्पर्क केन्द्र ने उनकी परेशानी को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिससे उन्हें उनका अधिकार मिल सका। उन्होंने इसे आम लोगों के लिए उम्मीद और भरोसे का मंच बताया।
जिले में संचालित सम्पर्क केन्द्र लगातार आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यही वजह है कि अब लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सम्पर्क केन्द्र को एक भरोसेमंद माध्यम के रूप में देखने लगे हैं।