खर्वे में जहरीली शराब से मौत ? 3 दिन में 8 मौतों से हड़कंप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; कब्र से निकाले जा रहे शव, पुलिस-FSL जांच में जुटी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

June 14, 2026

कसडोल।  बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना के खर्वे गांव में 3 दिन के भीतर 8 ग्रामीणों की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का दावा है कि सभी मृतकों ने एक ही स्रोत से शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने कसडोल थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के दबाव के बाद कब्र से निकाले जा रहे शव

मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब ग्रामीणों के आंदोलन और लगातार उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन ने मृतकों के शव कब्र से निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस, राजस्व विभाग और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम की मौजूदगी में शवों को बाहर निकाला जा रहा है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है। पूरे गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल

ग्रामीणों का आरोप- शराब में मिलाया गया था जहर

ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को पिलाया। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उनकी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तब मजबूर होकर उन्हें कसडोल थाने का घेराव करना पड़ा।

3 दिन… 8 मौतें… गांव में पसरा खौफ

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, शराब पीने के कुछ समय बाद मृतकों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते एक के बाद एक 8 लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से गांव में भय का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

उच्चस्तरीय जांच और गिरफ्तारी की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौतों की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल…

क्या वाकई शराब में जहर मिलाया गया था, या मौतों के पीछे कोई और वजह है?
इस सवाल का जवाब अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन खर्वे गांव में मची हलचल ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment