नगर तथा ग्राम निवेश समिति की बैठक सम्पन्न, गिरौदपुरी, पलारी एवं लवन विकास योजना 2041 को मिली मंजूरी

TEJASWI NATH SONI

June 10, 2026

पर्यटन, सड़क, आवासीय एवं औद्योगिक विकास को लेकर तैयार की गई दीर्घकालिक कार्ययोजना

बलौदाबाजार, 10 जून 2026। छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 17(क) के तहत गठित समिति की बैठक बुधवार को सांसद कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गिरौदपुरी विकास योजना 2041, पलारी विकास योजना 2041 एवं लवन विकास योजना 2041 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।

बैठक में विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल एवं कलेक्टर कुलदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वर्ष 2041 तक के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक सुझाव दिए गए। विकास योजनाओं में पर्यटन विकास, आमोद-प्रमोद के साधन, सड़क निर्माण, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक अधोसंरचना, आवासीय क्षेत्र, हरित क्षेत्र एवं वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।

गिरौदपुरी विकास योजना 2041

गिरौदपुरी विकास योजना में 7 ग्राम शामिल हैं, जिनकी वर्तमान कुल जनसंख्या लगभग 10,600 है। वर्ष 2041 तक की संभावित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विकास, आवासीय विस्तार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

पलारी विकास योजना 2041

पलारी विकास योजना के अंतर्गत 1 नगर पंचायत एवं 10 ग्राम पंचायत क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 27 हजार है, जिसके अनुरूप भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास का खाका तैयार किया गया है।

लवन विकास योजना 2041

लवन विकास योजना में 1 नगर पंचायत तथा 17 ग्राम शामिल हैं। लगभग 37 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र के लिए आवासीय, व्यावसायिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है।

बैठक में नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष गोपी साहू, जनपद पंचायत बलौदाबाजार की अध्यक्ष सुलोचना यादव, जनपद पंचायत पलारी की अध्यक्ष सविता यादव, जनपद पंचायत कसडोल की अध्यक्ष कुसुमलता पैकरा, समिति के सदस्य, सरपंच एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment