राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अनूठी पहल: स्कूलों में गूंजा सरदार पटेल का संदेश – Copy

BIRENDRA KUMAR SEN

July 28, 2026

राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अनूठी पहल: स्कूलों में गूंजा सरदार पटेल का संदेश

बलौदाबाजार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के पावन अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों में भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस की इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय अखंडता और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

जिले भर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की कड़ी में थाना पलारी पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ आयोजित निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा शील्ड और मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह देखते ही बन रहा था।

 इसी क्रम में यातायात बलौदाबाजार, सिमगा और भाटापारा पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए मोहतरा, असनींद, कसडोल एवं मयूर क्लब स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीटबेल्ट के उपयोग और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।

पुलिस प्रशासन की इस पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल बच्चों का बौद्धिक विकास होता है, बल्कि उनमें कानून व सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी जागृत होता है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment