महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता: शातिर चोर गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद

SARJU PRASAD SAHU

May 9, 2026

महासमुंद। पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी घर निर्माण कार्य चल रहे मकानों को निशाना बनाता था और खासतौर पर ऐसे घरों में चोरी करता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद होते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी कम कीमत में छड़ और सीमेंट दिलाने का लालच देकर घरों में प्रवेश करता था और मौका पाकर अलमारी में रखे जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी कभी भी सूने मकानों में चोरी नहीं करता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर निवासी बगारपाली थाना तेंदुकोना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और छड़ का पैसा मांगने लगा। इसी दौरान उसने अलमारी की चाबी खोजकर सोने-चांदी के करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से चोरी के सोने के जेवरात बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने कोमाखान, सांकरा, तेंदुकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली समेत कई क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी के जेवरात विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेचने की जानकारी भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कुछ दुकानों से आभूषण बरामद किए हैं। अन्य दुकानदारों से पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। इनमें दुर्ग, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिलों के कई थाने शामिल हैं। आरोपी पूर्व में न्यायिक रिमांड के दौरान जिला अस्पताल से इलाज के बहाने फरार हो गया था और बाद में पंजाब भाग गया था। वहां से लौटकर उसने महासमुंद जिले में फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी

पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष), निवासी चंदली, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़।

बरामद संपत्ति

विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण – 163.310 ग्राम, कीमत लगभग 25,52,200 रुपये

विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण – 2 किलो 585.94 ग्राम, कीमत लगभग 6,41,700 रुपये

एक मोटरसाइकिल – कीमत 30 हजार रुपये

एक मोबाइल फोन – कीमत 15 हजार रुपये

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment