भवानीपुर। गिधपुरी थाना में नए थाना प्रभारी निरीक्षक उनेश देशमुख ने पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के स्पष्ट संकेत दिए हैं।
नए थाना प्रभारी के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि थाना पहुंचे और उनका स्वागत कर बधाई दी। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कोसले, पूर्व बैंक उपाध्यक्ष मुकेश झा, पूर्व सरपंच रामेश्वर धीवर, नरेंद्र चंद्राकर, संजू साहू, डोमार साहू, मनहरण वर्मा, प्रभा कोसले, सरपंच उबरन चतुर्वेदी, खिलेश्वर घृतलहरे, भीष्म देव सोनवानी, कृत वर्मा, बुधारू राम, प्यारेलाल कोसले, सत्यपाल बघेल, मूलचंद पटेल, दया दास घृतलहरे, जयंत कुर्रे और चोखे यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी उनेश देशमुख ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ और सट्टा जैसे गैरकानूनी कार्यों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अंत में उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के सामूहिक प्रयास से ही क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखा जा सकता है।