कोरबा। जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत तालापार में शुक्रवार को जल संकट ने उग्र रूप ले लिया। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब उन्होंने SECL की सराईपाली ओपनकास्ट परियोजना के मुख्य गेट पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार सूखते बोरवेल और कुएं, साथ ही खदान से निकलने वाले दूषित पानी और राखड़ ने खेती को बुरी तरह प्रभावित किया है। पीने के पानी की गंभीर किल्लत ने लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि “ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। SECL को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और तत्काल समाधान करना होगा।” उनकी समझाइश और पहल के बाद प्रदर्शन धीरे-धीरे शांत हुआ और जाम समाप्त किया गया।
इस दौरान ग्राम सरपंच श्रीमती रामा श्याम ने कहा कि गांव में पानी की स्थिति बेहद चिंताजनक है और तत्काल टैंकर की व्यवस्था के साथ स्थायी समाधान जरूरी है। वहीं उपसरपंच चंद्र किरण जायसवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्या का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। बसंत सोनी, श्रीमती हेमलता, श्रीमती गायत्री सोहन सहित पंचगण भी मौके पर मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में जल संकट के समाधान की मांग की।