खपरी में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का उद्घाटन संपन्न अतिथियों द्वारा किसानों को तिलक लगाकर किया गया सम्मान

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 3, 2026

खपरी (छत्तीसगढ़)। ग्राम खपरी में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पंजीयन क्रमांक 514) का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल रोहासी के अध्यक्ष विजय कुमार कोसले उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच दिनेश मारकंडे, प्राधिकृत अधिकारी मनहरण वर्मा, नंदू चंद्राकर, महेंद्र यदु, पूर्व बैंक अध्यक्ष छगन लाल, पूर्व उपाध्यक्ष मुकेश झा तथा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दौलत यादव शामिल हुए।

अतिथियों ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर समिति कार्यालय का उद्घाटन किया। इस समिति के अंतर्गत खपरी, तमोरी, भरुवाडीह, बिजराडीह, बोदा और मोहान गांव शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय कुमार कोसले ने कहा कि समिति के शुरू होने से अब किसानों को कृषि ऋण, खाद और बीज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय बचेगा और धान खरीदी भी समय पर हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को 12 गांवों से भवानीपुर केंद्र जाना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी।

सरपंच दिनेश मारकंडे ने इसे गांव के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब किसानों को समय पर खाद और राशि मिल सकेगी, जिससे कृषि कार्य सुचारू रूप से होगा। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

पूर्व बैंक उपाध्यक्ष मुकेश झा ने कहा कि यह समिति क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब उन्हें धान बेचने और कृषि सामग्री खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी।

किसान नेता नेमू नारायण ने बताया कि यह मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने किसानों से समिति के संचालन में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर अतिथियों ने किसानों का गुलाल से तिलक कर, श्रीफल और गमछा भेंट कर सम्मान किया। किसानों ने भी नई समिति खुलने पर खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।

कार्यक्रम में प्रभारी प्रबंधक अमित आजाद, खेमराज आडिल, शिवकुमार कमल, परमानंद निषाद, तोरण नेताम, नारायण घुव, अमित नेताम, भीखम निषाद, सुखचरण भास्कर, घसीराम साहू, प्यारेलाल कोसले, धनराज बारले, दुखू निषाद, गिरजानंद झा, दौवाराम साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment