कसडोल। कसडोल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक विधायक संदीप साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, रखरखाव तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक संदीप साहू ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और बेहतर उपचार मिलना चाहिए।
बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई। इसके बाद अस्पताल में वर्तमान में चल रही सुधार गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविशंकर अजगल्ले ने एजेंडावार विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
इन प्रस्तावों में अस्पताल भवन की मरम्मत एवं रंगरोगन, लैब के लिए रीएजेंट और आवश्यक दवाइयों की खरीदी, एनआरसी रूम का सुधार और बच्चों के लिए प्ले एरिया निर्माण, अस्पताल वार्डों के बाथरूम, खिड़की और दरवाजों की मरम्मत, वाटर कूलर की व्यवस्था, फार्मासिस्ट, स्वीपर और चौकीदार की नियुक्ति तथा कर्मचारियों के वेतन वृद्धि जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा लैब और एनआरसी के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदी, पार्किंग व्यवस्था तथा लैब शेड निर्माण और समिति के अंतर्गत अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
विधायक संदीप साहू ने बीएमओ को इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनके साथ शिष्ट व्यवहार रखने की भी हिदायत दी।
बैठक में जनपद पंचायत कसडोल के अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।