पलारी ब्लॉक के ग्राम पठारीडीह निवासी होनहार युवक दीपक वर्मा का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जैसे ही दीपक के चयन की खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, लोगों में उत्साह देखने को मिला।
चयन के बाद जब दीपक वर्मा पहली बार अपने गृह ग्राम पठारीडीह पहुंचे, तो ग्रामीणों, मित्रों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उन्हें बधाई देने उमड़ पड़ी। गांव में दीपक के स्वागत के लिए उत्सव जैसा माहौल बन गया। डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया और फूल-मालाओं व गुलाल के साथ दीपक का भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें कंधों पर उठाकर खुशी जाहिर की और देश सेवा के लिए आगे बढ़ने पर गर्व व्यक्त किया।
दीपक वर्मा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव गौरवान्वित महसूस कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे से गांव से निकलकर सेना में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। इससे अन्य युवाओं को भी देश सेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर दीपक वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि अगर मन में लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
दीपक वर्मा के गांव आगमन पर ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि वे देश की सेवा कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और शुभचिंतक उपस्थित रहे।