रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा शहर में शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार तथा जोन 9 के जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा (सीनियर) के स्पष्ट निर्देश पर जोन 9 क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई।
नगर निगम जोन 9 के नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 3000 वर्गफीट शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्मित व्यवसायिक दुकान एवं आवासीय मकान को चिन्हित किया। पूर्व में संबंधित अतिक्रमणकर्ता को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर आज अभियानात्मक कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से उक्त अवैध व्यवसायिक दुकान और मकान को ध्वस्त किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री शरद ध्रुव, सहायक अभियंता श्री सैय्यद जोहेब एवं उपअभियंता श्री अतुल बंसल सहित नगर निगम जोन 9 के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे। कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किए गए थे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण के कारण न केवल शासकीय भूमि का दुरुपयोग होता है, बल्कि शहरी विकास योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से सभी जोनों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम की इस पहल से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराने की इस कार्रवाई का समर्थन किया