बलौदाबाजार।15 दिसम्बर 2025 राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत नवापारा (बारनवापारा) एवं प्रसिद्ध धार्मिक-पर्यटन स्थल तुरतुरिया में व्यापक जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य आमजन को ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में तुरतुरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता बैनर एवं सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई तथा दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत से जुड़े व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई।
वहीं, बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में भी राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनसमूह को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग, अनावश्यक विद्युत खपत से बचाव, एलईडी बल्बों एवं ऊर्जा दक्ष उपकरणों के प्रयोग तथा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने के महत्व के बारे में बताया गया। उपस्थित जनों को यह संदेश दिया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से ऊर्जा संरक्षण कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत के उपाय अपनाए, तो प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी बल्दाकछार, परिक्षेत्र सहायक परसदा, परसदा परिवृत्त के समस्त परिसर रक्षी, संयुक्त वन प्रबंधन एवं पर्यटन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, वन प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि, सुरक्षा श्रमिक, स्थानीय ग्रामीणजन तथा बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।
#राष्ट्रीय_ऊर्जा_संरक्षण_दिवस #EnergyConservation #EcoFriendlyIndia #पर्यावरण_संरक्षण #बलौदाबाजार #तुरतुरिया #बारनवापारा #नवीकरणीय_ऊर्जा