स्कूल में चोरी करने वाले 2 नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार का सामान बरामद

BIRENDRA KUMAR SEN

May 19, 2026

स्कूल में चोरी करने वाले 2 नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार का सामान बरामद

जांजगीर-चंपा। सिटी कोतवाली पुलिस ने हाई स्कूल मड़वा में हुई चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी और दो अपचारी बालकों (नाबालिगों) को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान, जिसमें टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर शामिल हैं, बरामद कर लिया गया है। ज़ब्त सामान की कुल कीमत लगभग 80,000 रुपये आंकी गई है।

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम मड़वा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के एक शिक्षक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 15 मई की शाम को स्टाफ स्कूल बंद कर घर चला गया था। इसके बाद 18 मई की सुबह स्कूल के प्राचार्य ने फोन पर सूचना दी कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है।

जब स्कूल स्टाफ ने मौके पर जाकर देखा, तो प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम के ताले टूटे हुए थे। भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने स्टाफ रूम से टीवी, प्रोजेक्टर और ऑफिस से एक लैपटॉप पार कर दिया था। इसके साथ ही प्रयोगशाला और कार्यालय की अन्य सामग्रियों में भी तोड़फोड़ की गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

स्कूल में हुई इस गंभीर चोरी की घटना को देखते हुए मामले की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के कड़े निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना की गई।

पुलिस टीम ने जब घटनास्थल के आसपास और स्थानीय लोगों से बारिकी से पूछताछ की, तो कुछ संदेहियों के नाम सामने आए। घेराबंदी कर पुलिस ने औराईकला (चौकी नैला) निवासी मुख्य आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी (उम्र 22 वर्ष) को हिरासत में लिया।

शुरुआती पूछताछ में आरोपी उमेश पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर स्कूल का ताला तोड़ने और चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया शत-प्रतिशत सामान (टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर) बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी उमेश बंजारे को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं नाबालिगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment