
रिपोर्टर टेकराम कोसले
घाटमडवा / गिधौरी।
आज ग्राम घाटमडवा में नदी में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप वर्मा (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसे दौरा पड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल गिधौरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कसडोल भेजा गया।
गिधौरी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।