1446 बोरी खाद जब्त, कृषि विभाग की अनोखी कार्रवाई से मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा, 2 जून 2026। जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने अनोखी कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। कृषि उप संचालक स्वयं किसान बनकर खाद खरीदने पहुंचे, जहां दुकानदार द्वारा निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत बताई गई। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कृषि केंद्र को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि उप संचालक किसान के वेश में नानकचन्द नन्दकिशोर कृषि केंद्र पहुंचे और यूरिया खाद खरीदने की इच्छा जताई। इस दौरान दुकानदार ने 266 रुपये प्रति बोरी की निर्धारित कीमत वाली यूरिया खाद को 850 रुपये प्रति बोरी बताकर बेचने का प्रयास किया।
मामले की पुष्टि होने के बाद कृषि विभाग की टीम ने तत्काल छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर कृषि केंद्र को सील कर दिया गया तथा गोदाम में रखी 1446 बोरी खाद जब्त कर ली गई।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से अधिक कीमत वसूलने, खाद की कालाबाजारी करने अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य की जानकारी रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।