बलौदाबाजार। थाना सुहेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिरमी स्थित शराब दुकान में एक युवक के साथ गंभीर मारपीट कर प्राणघातक चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब दुकान के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विवेकानंद वर्मा निवासी ग्राम तुलसी मानपुर, जिला रायपुर ने थाना सुहेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 13 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे हिरमी शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा उनके एक रिश्तेदार के साथ मारपीट की गई थी। इसी संबंध में जानकारी लेने जब प्रार्थी शराब दुकान पहुंचा, तो आरोपियों ने एक राय होकर उसे अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और दुकान के भीतर ले जाकर दरवाजा बंद कर हाथ, मुक्का, लाठी-डंडा एवं रॉड से बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट में प्रार्थी को गंभीर एवं प्राणघातक चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ आए एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट की तथा वाहन में तोड़फोड़ भी की।
मामले में थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 404/2025 धारा 296, 351(3), 127(2), 109(1), 115(2), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद गवाहों एवं सीसीटीवी कैमरा फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को दिनांक 27 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी—
कवि कुमार मनहरे (25 वर्ष), निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
राजेंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
बद्री प्रसाद चेलक (40 वर्ष), निवासी ग्राम मजगांव, थाना हथबंद
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।