पलारी थानांतर्गत सिसदेवरी में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, छत के रास्ते घुसकर आलमारी से नकदी पार

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 15, 2026

पलारी। मंगलवार को पलारी थानांतर्गत सिसदेवरी गांव में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोर ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना गेमेंद्र चंद्राकर के घर में हुई, जहां परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।

बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसा और सीधे आलमारी तक पहुंचकर उसमें रखी नकदी रुपये चोरी कर फरार हो गया। प्रारंभिक अंदेशा है कि चोर किसी बड़े अंजाम की फिराक में था, लेकिन परिस्थितियों के चलते वह जल्दबाजी में केवल नकदी लेकर ही भाग निकला।
घटना के समय पूरा परिवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था, जिससे मकान पूरी तरह सूना पड़ा था। रात्रि करीब 9 बजे जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे, तब उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी की जांच करने पर करीब 11,000 रुपये नकदी गायब मिली, हालांकि नकदी इससे अधिक होने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक (एसआई) राजेश सेन को मौके पर भेजा। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि घर खाली छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment