शासकीय डॉक्टरों की पदोन्नति, समयबद्ध वेतनमान और एनपीए को लेकर ‘सीडा’ ने स्वास्थ्य सचिव से की चर्चा, मिला सकारात्मक आश्वासन

BIRENDRA KUMAR SEN

August 6, 2026

शासकीय डॉक्टरों की पदोन्नति, समयबद्ध वेतनमान और एनपीए को लेकर ‘सीडा’ ने स्वास्थ्य सचिव से की चर्चा, मिला सकारात्मक आश्वासन

बलौदाबाजार | छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सकों की सेवा संरचना, पदोन्नति, वेतनमान, नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए), एडहॉक सेवा की वरिष्ठता तथा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा सेटअप में व्यापक सुधार की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ इन-सर्विस डॉक्टर्स एसोसिएशन (सीडा) के राज्य पदाधिकारियों ने सोमवार, 03 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य सचिव से विस्तृत चर्चा की। बैठक में वर्षों से लंबित विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मुद्दों को क्रमवार रखते हुए शीघ्र नीतिगत निर्णय की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सीडा के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में चिकित्सकों की प्रथम पदोन्नति का स्पष्ट मार्ग निर्धारित नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अधिकारी अपने सेवा जीवन में प्रारंभिक पदोन्नति से भी वंचित रह जाते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह स्थिति न केवल चिकित्सकों के कैरियर विकास को प्रभावित करती है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक ढांचे पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
प्रथम पदोन्नति का रास्ता स्पष्ट करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चिकित्सक अधिकारियों की पहली पदोन्नति खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), नोडल अधिकारी अथवा समकक्ष पदों पर होनी चाहिए। लेकिन इन पदों के लिए स्पष्ट भर्ती एवं पदोन्नति नियम निर्धारित नहीं होने से चिकित्सकों को समय पर पदोन्नति नहीं मिल पा रही है।
सीडा ने कहा कि प्रथम पदोन्नति बाधित होने के कारण चिकित्सक आगे चलकर जिला स्वास्थ्य अधिकारी, उप संचालक, संयुक्त संचालक तथा संचालक जैसे उच्च प्रशासनिक पदों तक भी नहीं पहुंच पाते। संगठन ने प्रथम स्तर से लेकर सर्वोच्च स्तर तक स्पष्ट, पारदर्शी, क्रमबद्ध एवं समयबद्ध पदोन्नति व्यवस्था लागू करने तथा भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन की मांग रखी।
सामान्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए समयबद्ध वित्तीय उन्नयन
बैठक में केंद्र सरकार तथा बिहार एवं झारखंड जैसे राज्यों की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ में भी सामान्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सक संवर्ग के लिए समयबद्ध वित्तीय उन्नयन लागू करने का प्रस्ताव रखा गया।
सामान्य चिकित्सक संवर्ग के लिए प्रस्तावित व्यवस्था—
4 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹6,600 के समकक्ष वेतन स्तर
9 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹7,600 के समकक्ष वेतन स्तर
13 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹8,700 के समकक्ष वेतन स्तर
20 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹10,000 के समकक्ष वेतन स्तर
विशेषज्ञ चिकित्सक संवर्ग के लिए प्रस्ताव—
2 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹7,600 के समकक्ष वेतन स्तर
6 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹8,700 के समकक्ष वेतन स्तर
13 वर्ष की सेवा पर ग्रेड पे ₹10,000 के समकक्ष वेतन स्तर
सीडा का कहना है कि नियमित पदोन्नति के सीमित अवसरों को देखते हुए सेवा अवधि, अनुभव, विशेषज्ञता और जिम्मेदारियों के अनुरूप समयबद्ध वित्तीय प्रगति उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
एनपीए में समानता की भी उठी मांग
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के चिकित्सकों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) का लाभ प्राप्त है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक पदों पर कार्यरत चिकित्सक इस सुविधा से वंचित हैं।
सीडा ने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक दायित्व निभा रहे चिकित्सकों, नियमित रूप से आपातकालीन सेवाएं देने वाले चिकित्सकों तथा निजी प्रैक्टिस नहीं करने वाले शासकीय चिकित्सकों को भी चिकित्सा शिक्षा विभाग के समान एनपीए अथवा समतुल्य वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं।
एडहॉक सेवा की वरिष्ठता पर भी रखा पक्ष
प्रतिनिधिमंडल ने एडहॉक से नियमित हुए चिकित्सकों की वरिष्ठता का विषय भी स्वास्थ्य सचिव के समक्ष रखा। सीडा ने बताया कि इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय ने शासन को छह सप्ताह के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
संगठन ने आग्रह किया कि बिना सेवा-विराम के एडहॉक से नियमित सेवा में आए चिकित्सकों की वरिष्ठता एवं सेवा लाभों की गणना उनकी प्रथम नियुक्ति की तिथि से की जाए, ताकि न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित हो सके।
चिकित्सा सेटअप के व्यापक पुनरीक्षण की मांग
सीडा ने स्वास्थ्य विभाग के वर्तमान चिकित्सा ढांचे के व्यापक पुनरीक्षण का भी प्रस्ताव रखा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार कम्युनिटी मेडिसिन एवं फॉरेंसिक मेडिसिन सहित अनेक विशेषज्ञताओं के लिए पृथक कैडर एवं पर्याप्त पद संरचना उपलब्ध नहीं है।
संगठन का कहना है कि इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की योग्यता का पूर्ण उपयोग नहीं हो पा रहा तथा उनके कैरियर विकास के अवसर सीमित हो रहे हैं। इसलिए विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर आवश्यक पदों एवं विशेषज्ञ कैडर के सृजन की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य सचिव ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों को गंभीरता से सुना तथा प्रत्येक विषय पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
सीडा ने उम्मीद जताई कि राज्य शासन चिकित्सकों की पदोन्नति व्यवस्था, भर्ती नियमों में संशोधन, समयबद्ध वेतनमान, एनपीए, एडहॉक वरिष्ठता तथा चिकित्सा सेटअप के पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र निर्णय लेकर शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।
यह जानकारी डॉ. अंजन सिंह चौहान, कार्यवाहक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ इन-सर्विस डॉक्टर्स एसोसिएशन (सीडा) द्वारा जारी की गई।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment