शहादत दिवस पर शहीद एसआई युगल किशोर वर्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 6, 2026

पलारी, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के वीर शहीद सब-इंस्पेक्टर युगल किशोर वर्मा के शहादत दिवस के अवसर पर थाना पलारी परिसर स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में थाना पलारी के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर शहीद युगल किशोर वर्मा के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया। शहीदों का त्याग और बलिदान पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है तथा उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में शहीद युगल किशोर वर्मा की पावन स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को सादर नमन किया गया।
गौरतलब है कि शहीद युगल किशोर वर्मा छत्तीसगढ़ पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थे। 6 अगस्त 2017 को राजनांदगांव जिले के गातापार क्षेत्र के भावे जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान उन्होंने अदम्य वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत को नमन करते हुए प्रत्येक वर्ष उनके शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को स्मरण किया जाता है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment