जिले में आधार पंजीयन सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 ग्राम पंचायतों में सेवा सेतु केंद्र संचालकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए आधार ऑपरेटर, सेवा सेतु केंद्र संचालक, सीएससी (CSC) संचालक सहित अन्य पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से 17 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी ई-गवर्नेंस कार्यालय, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक-78, कलेक्टोरेट परिसर, बलौदाबाजार में निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
इन ग्राम पंचायतों में होगी नियुक्ति
जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत रिसदा, अर्जुनी, रसेड़ा एवं लाहोद, जनपद पंचायत भाटापारा अंतर्गत खोखली, तरेंगा एवं निपनिया, जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत मटिया, पुटपुरा एवं चांदन, जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत अमेरा एवं तेलासी, तथा जनपद पंचायत सिमगा अंतर्गत चंदेरी एवं रानीजरौद ग्राम पंचायतों में आधार ऑपरेटरों की आवश्यकता है।
चयन के लिए निर्धारित पात्रता
आवेदक के विरुद्ध किसी प्रकार की पेनाल्टी राशि लंबित नहीं होनी चाहिए। यदि कोई पेनाल्टी लंबित है तो उसका भुगतान कर रसीद आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को 10 दिनों के भीतर जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के पक्ष में 1.50 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सुरक्षा राशि के रूप में जमा करना होगा। साथ ही पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य रहेगा।
आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह 12वीं उत्तीर्ण, 2 वर्षीय आईटीआई अथवा 3 वर्षीय डिप्लोमा धारक होना आवश्यक है। अभ्यर्थी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी होना चाहिए तथा एक अभ्यर्थी केवल एक ही स्थान के लिए आवेदन कर सकेगा।
जिला प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। विस्तृत जानकारी एवं आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश जिले की आधिकारिक वेबसाइट balodabazar.gov.in पर उपलब्ध हैं।