जान जोखिम में डालकर भविष्य गढ़ने को मजबूर स्कूली छात्र, सोनहत में चलती बस के गेट पर लटककर सफर का वीडियो वायरल

SARJU PRASAD SAHU

December 19, 2025

कोरिया | सोनहत कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में स्कूली छात्र चलती यात्री बस के गेट पर लटककर घर लौटते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य न सिर्फ खतरनाक है, बल्कि बच्चों की जान के साथ खुला खिलवाड़ भी है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बस गति में है और कई छात्र गेट पर खड़े होकर बाहर की ओर लटके हुए हैं। अचानक ब्रेक लगने या संतुलन बिगड़ने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। हैरानी की बात यह है कि न तो बस चालक ने वाहन रोका और न ही छात्रों को सुरक्षित तरीके से बैठाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनहत क्षेत्र में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण बसों में क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाई जाती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है, जिन्हें मजबूरी में इस तरह जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ती है।

बताया जा रहा है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

नियमों के अनुसार चलती बस के गेट पर लटककर यात्रा करना अवैध और जानलेवा है। इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही बच्चों के भविष्य को खतरे में डाल रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित बस चालक और संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

#SonhatNews #KoreaDistrict #StudentSafety #SchoolBusSafety #RoadSafety #PublicTransport #ViralVideo #ChildSafety #TransportDepartment

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment