श्रीहरिकोटा में वैज्ञानिकों से सीखेंगे स्पेस साइंस, क्षेत्र में खुशी की लहर
नगर पंचायत रोहांसी के मेधावी छात्र लक्ष्यशील साहू का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित युविका 2026 (यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम) के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वे देशभर के चुनिंदा प्रतिभाशाली छात्रों में शामिल हो गए हैं।
कार्यक्रम के तहत लक्ष्यशील साहू को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यहां वे देश के शीर्ष वैज्ञानिकों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे और अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को समझेंगे। प्रशिक्षण के दौरान रॉकेट टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट सिस्टम, स्पेस एप्लीकेशन और रिसर्च से जुड़े विषयों की प्रायोगिक जानकारी दी जाएगी।
लक्ष्यशील की इस सफलता से रोहांसी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि यह सफलता अन्य छात्रों को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
युविका क्या है? भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा संचालित युविका (Young Scientist Programme) एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से चयनित छात्रों को इसरो के विभिन्न केंद्रों में प्रशिक्षण देकर उन्हें स्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी की मूलभूत जानकारी प्रदान की जाती है।