गिरौदपुरी धाम। अखिल भारतीय सतनामी महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक गिरौदपुरी धाम स्थित मंडवा धर्मशाला में राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक से पूर्व सभी पदाधिकारियों ने मुख्य मंदिर पहुंचकर सामूहिक आरती, पूजन एवं दर्शन किए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को गुरु मां ममतामयी मिनीमाता की 54वीं पुण्यतिथि गिरौदपुरी धाम के शेड में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। कार्यक्रम जगत गुरु गोसाई रुद्रकुमार जी के मुख्य आतिथ्य एवं गुरु गद्दीनशीन गुरु विजय कुमार जी के सानिध्य में आयोजित होगा।
महासभा ने संगठन विस्तार के लिए आजीवन सदस्यता शुल्क ₹11,000, सक्रिय सदस्यता ₹1,000 तथा साधारण सदस्यता शुल्क निर्धारित किया। साथ ही साहित्य एवं संस्कृति प्रकोष्ठ, धार्मिक-आध्यात्मिक प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ तथा महिला प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार का निर्णय लिया गया। महिला प्रकोष्ठ के विस्तार की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कुन्ती जांगड़े एवं उनकी टीम को सौंपी गई।
मिनीमाता पुण्यतिथि आयोजन के लिए राजमहंत पी.के. घृतलहरे को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं राजमहंत कृष्णकुमार मीरी को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रत्येक सदस्य से न्यूनतम ₹1,000 सहयोग राशि देने का आह्वान किया गया।
बैठक को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजमहंत राजेश्वर भार्गव, राजमहंत सुंदरसाय बंजारे तथा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कुन्ती जांगड़े सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे ने कहा कि वर्ष 1924-25 में जगत गुरु गोसाई अगमदास जी एवं 108 राजमहंतों द्वारा गठित संस्था को शताब्दी वर्ष में पुनर्गठित कर अखिल भारतीय सतनामी महासभा के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर के सतनामी समाज को गुरु परंपरा एवं सात्विक जीवन मूल्यों के आधार पर एकजुट करना महासभा का उद्देश्य है।
बैठक में विभिन्न राज्यों एवं जिलों से आए राजमहंत, महंत, पुजारी, भंडारी और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सतलोकी राजमहंत पीला दास जाटवर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बैठक के सफल आयोजन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए डीएसपी कौशल कुमार वासनिक, एसडीएम आर.आर. दुबे तथा गिरौदपुरी धाम थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।