महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 पौवा देसी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी एक्टिवा जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹26,000 आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहानी बिल्डिंग के पास एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पप्पु साहू (32 वर्ष), पिता भेखलाल साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 1, शंकर नगर, महासमुंद को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 पौवा (5.400 लीटर) देसी मसाला शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹3,000 है, बरामद हुई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी एक्टिवा भी जब्त की गई, जिसकी कीमत ₹23,000 बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 433/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।