रायगढ़: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की भूपदेवपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले को सुलझा लिया है। रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर पुलिस ने न केवल बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया, बल्कि आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बालिका के पिता ने 4 मई को भूपदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री 30 अप्रैल 2026 की रात से लापता है। परिजनों की खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी संजय नाग को मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका को खरसिया में देखा गया है। इसी बीच बालिका अपने घर पहुँची, जिसे तुरंत थाने लाकर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उसका बयान दर्ज कराया गया। बालिका ने अपने बयान में बताया कि त्रिलोचन चौहान (24 वर्ष) उसे शादी का प्रलोभन देकर मोटरसाइकिल से खरसिया ले गया था, जहाँ उसने 2-3 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
बालिका के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में धारा 64 BNS (दुष्कर्म) और 6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराएं जोड़ीं।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी त्रिलोचन चौहान को 6 मई की शाम हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।