नीलमसराई वॉटरफॉल की बदहाली पर उठे सवाल, सड़क व मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग तेज

SARJU PRASAD SAHU

July 26, 2026

 

बीजापुर। जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नीलमसराई वॉटरफॉल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग जर्जर होने के कारण पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते बरसात के मौसम में आवागमन और भी कठिन हो जाता है, जिससे पर्यटकों की संख्या भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि वॉटरफॉल पर रुकने की समुचित व्यवस्था नहीं है। यहां शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बैठने की जगह, विश्राम गृह, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसके कारण दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नीलमसराई वॉटरफॉल तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा इस स्थल को विकसित पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने यहां पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था, विश्राम गृह, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि नीलमसराई वॉटरफॉल का समुचित विकास किया जाता है, तो यह क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment