नकटी गांव के 85 परिवारों को बेघर करने का विरोध: AAP ने कसडोल विधायक संदीप साहू से मांगा समर्थन
बलौदा बाजार,कसडोल 12 जुलाई 2026
धरसीवा विधानसभा के ग्राम नकटी में 85 ग्रामीण परिवारों को कथित रूप से बेघर किए जाने का मामला अब गरमाता जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस कार्रवाई के विरोध में प्रदेशव्यापी मोर्चा खोल दिया है। राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों से समर्थन जुटाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज ‘आप’ का एक प्रतिनिधिमंडल कसडोल पहुंचा।
जिलाध्यक्ष श्री भुनेश्वर सिंह डहरिया के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने कसडोल विधानसभा के विधायक श्री संदीप साहू के निवास कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा।
विधायक श्री संदीप साहू के पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण प्रतिनिधिमंडल की उनसे सीधे मुलाकात तो नहीं हो सकी, लेकिन जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने उनसे दूरभाष (फोन) पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा के दौरान डहरिया ने ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों की दयनीय स्थिति से अवगत कराया और इस जनहित के संवेदनशील मुद्दे पर विधायक से समर्थन की मांग की।
विधायक श्री साहू की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश बंजारे ने आम आदमी पार्टी का ज्ञापन स्वीकार किया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बताया कि प्रभावित परिवार लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रहे हैं और शासन-प्रशासन से उन्हें बेघर होने से बचाने के लिए उचित कार्रवाई की उम्मीद है। विधायक प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि वे इस गंभीर विषय को विधायक महोदय के समक्ष पूरी प्रमुखता से रखेंगे।
”आम आदमी पार्टी पीड़ित ग्रामीण परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें न्याय दिलाने के लिए हमारा लोकतांत्रिक और संवैधानिक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में यह अभियान इसीलिए चलाया जा रहा है ताकि सभी जनप्रतिनिधियों का समर्थन हासिल कर इन गरीब परिवारों की आवाज को विधानसभा और सरकार के कानों तक पहुंचाया जा सके।”
— भुनेश्वर सिंह डहरिया, जिलाध्यक्ष (AAP)
इस दौरान आम आदमी पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से:
- जिला संगठन मंत्री दिलीप कुमार बेकर
- जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार मनहर
- जिला कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह जांगड़े
- जिला सचिव (ओबीसी विंग) दिलीप साहू
- ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुनी जगमोहन भास्कर
- ब्लॉक अध्यक्ष लवन संतोष यादव शामिल थे।