टुण्डरा। नगर पंचायत टुण्डरा के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी गीताराम पटेल का रविवार को हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय गीताराम पटेल तीन बार पार्षद निर्वाचित हुए तथा नगर पंचायत में उपाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के पद का दायित्व भी संभाल चुके थे। वे सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ मरार पटेल समाज के कोषाध्यक्ष तथा शिवरीनारायण मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वे कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदों पर भी कार्यरत रहे।
परिजनों के अनुसार, रविवार 12 जुलाई को दोपहर लगभग 12 बजे भोजन करने के बाद वे घर पर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठा। उन्हें तत्काल शिवरीनारायण स्थित शबरी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान लगभग दोपहर 2 बजे हृदयाघात से उनका निधन हो गया।
उनके निधन का समाचार मिलते ही टुण्डरा नगर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार कुम्हारी रोड स्थित मुक्तिधाम में किया गया।
स्वर्गीय गीताराम पटेल अपने पीछे तीन पुत्र—प्रदीप कुमार पटेल, संदीप कुमार पटेल एवं जयदीप पटेल—सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।