सिरफिरे युवक के आतंक से खौफजदा नवागांव खुर्द, पीड़ित महिलाओं ने कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
परपोडी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू ने दिए तत्काल निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश
बेमेतरा। बेमेतरा जिले के साजा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम नवागांव खुर्द में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक सिरफिरे युवक द्वारा गुंडागर्दी और महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी के आतंक से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। न्याय की आस में लहूलुहान हालत में पीड़ित महिला ठगिया बाई अपनी बेटियों और ग्रामीणों के साथ मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंची, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित महिला ठगिया बाई और उनकी बेटियों का आरोप है कि उक्त युवक ने उनके घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज की और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस बेरहमी से की गई मारपीट में कुछ महिलाओं के हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि कुछ के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से गांव की शांति भंग कर रहा है। वह आए दिन मंदिर परिसर में विवाद करता है और राह चलती महिलाओं से अभद्र व्यवहार करता है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी के खिलाफ स्थानीय परपोडी थाने में पहले से ही कई शिकायतें दर्ज हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की इसी ढिलाई के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। थक-हारकर आखिरकार पीड़ितों को जिला मुख्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने तत्काल कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मामले पर जानकारी देते हुए एसपी रामकृष्ण साहू ने कहा:
“ग्राम नवागांव खुर्द से कुछ महिलाएं अपनी शिकायत लेकर मुझसे मिलने आई थीं। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मैंने संबंधित एसडीओपी (SDOP) को तत्काल निष्पक्ष जांच करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।”
एसपी के कड़े रुख के बाद अब देखना यह होगा कि परपोडी पुलिस इस रसूखदार गुंडे पर क्या और कितनी जल्दी कार्रवाई करती है, ताकि नवागांव खुर्द की भयभीत महिलाओं और ग्रामीणों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और गांव में दोबारा शांति का माहौल कायम हो सके।