बलौदाबाजार। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अब सख्ती बढ़ेगी। तीन बार लाइसेंस निलंबित होने के बाद ऐसे चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने पुलिस और परिवहन विभाग को नियमित जांच और चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।कलेक्टर ने राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों का काम जल्द पूरा करने तथा निर्माण स्थलों पर रेडियम पट्टियां लगाने के भी निर्देश दिए गए।ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के लिए खनिज और पुलिस विभाग को संयुक्त जांच अभियान चलाने कहा गया। बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने वाले राहगीरों को सम्मानित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एआर टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित एसडीएम, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे ।