सोनाखान। 1 जुलाई 2026 SBI Foundation द्वारा State Bank of India के स्थापना दिवस के अवसर पर सोनाखान में ‘साइकिल बैंक’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ गांवों से लगभग 5 से 10 किलोमीटर की दूरी तय कर यूथ ट्रेनिंग सेंटर आने वाले विद्यार्थियों को आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई एवं प्रशिक्षण प्रभावित न हो।
वर्तमान में एसबीआई फाउंडेशन द्वारा सोनाखान में युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु थ्योरी क्लास, फिजिकल ट्रेनिंग, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र तथा कंप्यूटर क्लास संचालित किए जा रहे हैं। इन विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ वर्तमान में लगभग 100 युवा प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया तथा साइकिल बैंक का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सोनाखान के प्रभारी सरपंच गजानंद पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवीदास (समर्थन छत्तीसगढ़ के स्टेट कॉर्डिनेटर) ने की।
विशिष्ट अतिथियों में निलेश सोनी (आत्मानंद स्कूल शिक्षक), दिलेश्वर यादव (पंच),संत मिलाप ध्रुव (हेड कांस्टेबल), राहुल यादव (कांस्टेबल), मोहन दास मानिकपुरी (ग्राम उपाध्यक्ष) तथा कैलाश देवदास (ग्राम सचिव) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसबीआई फाउंडेशन के स्टाफ, यूथ ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षार्थियों एवं ग्रामवासियों की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
अपने संबोधन में अतिथियों ने एसबीआई फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘साइकिल बैंक’ ग्रामीण युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है। इससे विद्यार्थियों का समय एवं आर्थिक व्यय दोनों कम होंगे और वे नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में एसबीआई फाउंडेशन एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा ग्रामीण युवाओं के विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।