छुरा/ गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहझर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बाइक और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोगों की जान चली गई। मृतक दोनों आपस में पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पक्तियाँ निवासी चोवाराम पटेल अपने बेटे भारत पटेल के साथ बाइक से छुरा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चोवाराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल भारत पटेल को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उपस्वास्थ्य केंद्र छुरा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि जिस ट्रक से दुर्घटना हुई, वह पीएचई विभाग की गाड़ी है। हादसे के बाद ट्रक चालक खुद थाना छुरा पहुंचकर घटना की सूचना दी।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल छुरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार से बाप-बेटे को छीन लिया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। वहीं, सरकारी वाहन से हुई इस दुर्घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।
पुलिस जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।