घर-घर पहुंच रहे प्रगणक, प्रशासन की सख्त निगरानी
महासमुंद। 03 मई 2026 जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में सतत मॉनिटरिंग और निरीक्षण किया जा रहा है।
अपर कलेक्टर श्री सचिन भुतड़ा द्वारा जिले के विभिन्न चार्जों का दौरा कर जनगणना कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान जनगणना निदेशालय से सहायक संचालक श्री मनोज कुमार महिलांगे एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री संजय कुमार साहू भी जिले के सभी चार्जों का भ्रमण कर प्रगणकों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। अधिकारी प्रगणकों के साथ घर-घर जाकर भवन गणना कार्य का निरीक्षण भी कर रहे हैं।
जिले में कुल 1992 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (HLBs) निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 1561 ब्लॉकों में कार्य प्रारंभ हो चुका है। वहीं 03 हाउसलिस्टिंग ब्लॉकों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पूर्ण कार्यों में महासमुंद तहसील के ग्रामीण चार्ज अंतर्गत HLB-48 (जलकी), पिथौरा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत HLB-249 (ग्राम कारीडोंगर) तथा नगर चार्ज पिथौरा के एक वार्ड का कार्य शामिल है।
प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।