बलौदाबाजार में कुपोषण के खिलाफ महाअभियान: 9 हजार बच्चों को 6 महीने में सुपोषित करने का लक्ष्य, हफ्ते में 5 दिन मिलेंगे पौष्टिक लड्डू

BIRENDRA KUMAR SEN

June 12, 2026

बलौदाबाजार में कुपोषण के खिलाफ महाअभियान: 9 हजार बच्चों को 6 महीने में सुपोषित करने का लक्ष्य, हफ्ते में 5 दिन मिलेंगे पौष्टिक लड्डू

बलौदाबाजार, 11 जून 2026/ जिले के आंगनबाड़ी केन्द्र के गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को सुपोषण की ओर ले जाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए विशेष सुपोषण अभियान चलाया जाएगा। इस मुहिम की कार्ययोजना एवं संचालन के सम्बन्ध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जरुरी निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के 1626 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 1500 केंद्रों में लगभग 9000 बच्चे कुपोषित है जो बड़ी संख्या है। बच्चे देश के भविष्य है और उनका सुपोषित होना जरुरी है। उन्होंने कहा कि इन सभी 9000 कुपोषित बच्चों को अगले 6 माह में सुपोषित करने हेतु कार्ययोजना बनाई गई है जिसके अनुसार सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को मनोयोग से कार्य करना होगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी अधिकारी कर्मचारी बेहतर कार्य करेगा उसे सम्मानित किया जाएगा तथा लापरवाही पर कार्यवाही होगी।

*सप्ताह में 5 दिन मिलेगा पौष्टिक लड्डू*- विशेष सुपोषण अभियान के तहत गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 5 दिन एक- एक पौष्टिक लड्डू दिया जाएगा। यह पौष्टिक लड्डू स्थानीय स्तर पर समूह की महिलाओ द्वारा तैयार किया जाएगा। इस पौष्टिक लड्डू का निर्माण गेहूं,बेसन, रागी,मुनगा पॉवडर,गुड़, तिल,मूंगफली जैसे उच्च पौष्टिक पदार्थ से किया जाएगा। प्रातः 10 बजे आंगनबाड़ी केन्द्र में ही सहायिका द्वारा बच्चों को लड्डू खिलाई जाएगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका प्रति दिन गृह भेंट अंतर्गत बच्चों के घर जाकर उनके माता पिता को बच्चे की सही देख- भाल,समय पर पौष्टिक देने के सम्बंध में जागरूक करेंगे।

*गंभीर कुपोषित बच्चों का बनेगा कार्ड*- अभियान के तहत सभी 1200 गंभीर कुपोषित बच्चों का चिरायु टीम के द्वारा कार्ड बनाया जाएगा। सबसे पहले इनका पीएच सी एवं सीएचसी में स्वास्थ्य परीक्षण होग़ा। स्वास्थ्य परीक्षण के आधार पर आवश्यक दवाई दिया जाएगा. इसके साथ ही हर एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा।भर्ती हेतु 15 -15 दिन के लिए बच्चों का लिस्ट तैयार किया जाएगा।

*एक पंचायत एक सुपोषण मित्र*- विशेष सुपोषण अभियान की मॉनिटरिंग के लिये एक पंचायत एक सुपोषण मित्र अंतर्गत जिला अधिकारी को सुपोषण मित्र बनाया जाएगा जो पंचायत में एक पंचायत अंतर्गत जितने आंगनबाड़ी केन्द्र है उसका मॉनिटरिंग करेगा। औचक निरीक्षण के दौरान कमियों पर कारवाही होगी. इसके साथ ही सरपंच,वार्ड पार्षद,सचिव को भी कुपोषित बच्चों देखभाल हेतु प्रोत्साहित करने कहा गया है।

*छूटे हुए बच्चों का बनेगा आयुष्मान कार्ड* – बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने आयुष्मान कार्ड की समीक्षा कराते हुए छूटे हुए सभी बच्चों का अगले 15 दिन में कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में बाउंड्रीवाल के किनारे युक्त रिक्त जमीन है वहां पपीता और मुनगा के पेड़ लगाने के भी निर्देश दिये।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी,डीपीओ अतुल परिहार सहित डीपीएम एवं सीडीपीओ उपस्थित थे।

 

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment