कोरबा-पाली। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चोंढा़ में सोमवार को सुशासन तिहार शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निकिता मुकेश जायसवाल, पाली एसडीएम रोहित सिंह, जनपद पंचायत पाली अध्यक्ष पूर्णिमा शोभा सिंह जगत विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य कौशल श्रीवास, जनपद सदस्य हिरमती पटेल, चंद्रपाल पटेल सहित क्षेत्र के कई सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई।
सुशासन तिहार शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। पात्र हितग्राहियों को राजस्व पट्टा, डीजल पंप, नए राशन कार्ड समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं वितरित की गईं। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निकिता मुकेश जायसवाल ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनका निराकरण कर रही है।
कार्यक्रम में उतरदा सरपंच लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी, नेवसा सरपंच शारदा देवी कंवर, मुरली सरपंच शंकर सिंह कंवर, रेकी सरपंच तीजराम उर्रे, हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, चोंढा़ सरपंच सुनीता कर्पे एवं अण्डीकछार सरपंच अनीता कोराम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।