गुमशुदगी की जांच में खुला सनसनीखेज हत्याकांड, तीन दोस्त गिरफ्तार
बसना/महासमुंद। महासमुंद जिले में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चलती कार में हुए विवाद के बाद तीन दोस्तों ने अपने ही साथी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को महानदी किनारे एक टापू में दफना दिया। पुलिस ने गुम इंसान की जांच के दौरान पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भुनेश्वर यादव (38 वर्ष) निवासी इंदिरा कॉलोनी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई है। भुनेश्वर 22 मई 2026 की रात से लापता था। घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसकी पत्नी ने 28 मई 2026 को थाना मंदिर हसौद में गुमशुदगी दर्ज कराई। पत्नी के बयान से खुली जांच की दिशा जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 22 मई की रात उसने पति के मोबाइल पर कॉल किया था। कॉल रिसीव होने पर भुनेश्वर की आवाज के साथ उसके दोस्तों नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे की आवाज भी सुनाई दी थी। इसी आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच में घटना के दिन मृतक और आरोपियों की लोकेशन नांदगांव क्षेत्र में पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया,चलती कार में हुआ था विवाद पुलिस जांच में सामने आया कि 22 मई की रात करीब 11:30 बजे आरोपी नोहर दास रात्रे की ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 PH 9996 में मृतक भुनेश्वर यादव और आरोपी नोहर रात्रे, अमित सिंह राजपूत तथा हेमचंद बंजारे शराब पीते हुए नांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में पानी की समस्या को लेकर भुनेश्वर यादव और नोहर रात्रे के बीच कार में ही विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।बीच-बचाव करने आए अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे से भी मृतक की बहस और गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर कार के अंदर ही भुनेश्वर की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामा के साथ मिलकर टापू में दफनाया शव हत्या के बाद आरोपी घबरा गए। आरोपी नोहर रात्रे ने अपने रिश्तेदार मामा श्रवण जांगड़े को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सभी ने मिलकर महानदी किनारे नांदगांव स्थित एक टापू पर हाथ से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टापू में खुदाई कर शव बरामद किया। मामले में महासमुंद पुलिस ने अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। कार और मोबाइल जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में मुख्य आरोपी नोहर दास रात्रे के पार्षद होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।